RANCHI : झारखंड पुलिस एसोसिएशन की एटीएस शाखा ने डुमरी विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों के खिलाफ धनबाद के बरवड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसोसिएशन ने मामले में कानूनी कार्रवाई तेज करने की मांग की है.
पुलिस एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक ने पुलिस अधिकारियों के साथ गाली-गलौज और अमर्यादित व्यवहार किया। साथ ही सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है. एसोसिएशन ने मांग की है कि मामले में शामिल विधायक और अन्य आरोपियों के खिलाफ सभी कानूनी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए.
फोन पर थाना प्रभारी से विवाद के बाद थाने पहुंचने का आरोप
मामला 21 अगस्त 2026 का बताया जा रहा है. पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, विधायक जयराम कुमार महतो ने बरवड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज की और उन्हें धमकी दी.
आरोप है कि उसी रात देर में विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवड्डा थाना पहुंचे. यहां थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया. इस दौरान विधायक और उनके समर्थकों पर थाना प्रभारी की टेबल पर रखे सामान को इधर-उधर करने और उनकी नेम प्लेट तोड़ने का आरोप है. घटना को लेकर बरवड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है.
