RANCHI : जेपीएससी ने राज्य सिविल सेवा के लिए संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) को 8 मार्च से आगे बढाते हुए 15 मार्च 2026 कर दिया है. पहले यह परीक्षा 8 मार्च को निर्धारित थी लेकिन जेपीएससी ने एक संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए इस परीक्षा को आगे बढ़ा दिया है. अब यह परीक्षा 15 मार्च को होगी. आयोग ने परीक्षार्थियों को नई तिथि के अनुसार अपनी तैयारी सुनिश्चित करने के लिए कहा है.
इससे पहले आयोग ने 22 अभ्यर्थियों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को भी आगे बढ़ाया था. उन्हें 20 फरवरी तक आवेदन जमा करने के लिए कहा गया है. गौरतलब है कि यह 22 अभ्यर्थी उम्र सीमा में छूट को लेकर हाईकोर्ट गए थे. हाई कोर्ट से आयोग को यह निर्देश हुआ कि इन 22 अभ्यर्थियों के आवेदन भी लिए जाएं.
आयु सीमा में छूट को लेकर कई अभ्यर्थी सरकार से अधिकतम उम्र सीमा में छूट की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पिछली परीक्षाओं में देरी और विभिन्न कारणों से कई उम्मीदवार निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके हैं. ऐसे में उन्हें एक अवसर दिया जाना चाहिए. आयोग का कहना है कि हालांकि इस पर राज्य सरकार को निर्णय लेना है. इस पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. जब तक सरकार की ओर से कोई घोषणा नहीं हो जाती है तब तक वर्तमान नियम ही लागू रहेंगे.
इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के विभिन्न विभागों में 103 पदों पर नियुक्ति की जानी है. जिसमें बीडीओ, डीएसपी जैसे पद शामिल हैं. तिथि आगे बढ़ाने के संबंध में आयोग का कहना है कि परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक बदलाव प्रशासनिक कारणों से लिया गया है.
इसे भी पढ़ें : बोकारो डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने चास के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीडीओ-सीओ को दिया जरूरी दिशा-निर्देश
