L19 Sahibganj : साहिबगंज जिले में पत्थर खनन का अवैध रूप से ओवर लोडिंग का खेल जारी है। पत्थर खदानों से हाईवा और ट्रकों में स्टोन, गिट्टी और डस्ट को ओवरलोड करके बाहर भेजा जा रहा है। ओवरलोडिंग गाड़ियों और बिना चालान के गाड़ियों को चेकनाका में प्रशासनिक सांठ गांठ से क्रॉसिंग करवाया जा रहा है। बोरियो के तिनमुहानी चौक स्थित चेकनाका में पत्थर माफियाओं, दलालों और पुलिसिया मदद से यह अवैध खेल चल रहा है। बता दें कि गुरुवार की रात लगभग एक सौ से अधिक पत्थर लदे ओवरलोड वाहनों को प्रशासन के द्वारा रोका गया था। सभी गाड़ियों में क्षमता से अधिक पत्थर और गिट्टी लदे थे।
लेकिन सुबह लगभग 6 बजे के बाद सभी पत्थर लदे ओवरलोड वाहनों को गोड्डा मुख्य मार्ग होते हुए पास करवा दिया गया। सूत्रों के मुताबिक अधिकतर पत्थर लदे वाहनों के पास चालान तक नहीं था। यह पत्थर का अवैध व्यापार का खेल एक बार फिर से शुरू हो चूका है। बता दें कि हजार करोड़ खनन घोटाले वाले मामले के बाद जिले में कुछ महीनों तक पत्थर का यह काला खेल रुक चूका था, लेकिन अब दोबारा से यह खेल शुरु हो चुका है। इस काले खेल को नजदीक से देख रहे, बोरियो संथाली निवासी समाजसेवी कुणाल विक्रम बताते हैं कि पत्थर का यह काला खेल रोजाना पुलिसिया और प्रशासनिक मदद से किया जाता है। इस खेल में स्थानीय माफिया या दलाल पुरी तरह से शामिल होकर अवैध व्यापार को बढ़ावा दे रहे हैं। और सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।