RANCHI : झारखंड की राजनीति में इन दिनों जयराम महतो और देवेंद्र नाथ महतो को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इसी बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो ने देवेंद्र नाथ महतो को लेकर बड़ा बयान दिया है. एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उनके और देवेंद्र के बीच किसी तरह की व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा नहीं है.
इसे भी पढें : रांची के इंजीनियर दंपती नेपाल में लापता, 26 अगस्त से नहीं मिला कोई सुराग
जयराम महतो ने कहा कि अगर देवेंद्र नाथ महतो अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाते हैं और भविष्य में उनसे भी बड़ा राजनीतिक मुकाम हासिल करते हैं, तो उन्हें इससे खुशी होगी. उन्होंने कहा कि वह देवेंद्र की सफलता पर गर्व महसूस करेंगे और उन्हें अपनी शुभकामनाएं देंगे. देवेंद्र नाथ महतो के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए जयराम महतो ने कहा कि आंदोलन के दौर में दोनों साथ रहे हैं. छात्र आंदोलन और भाषा आंदोलन के दौरान दोनों को कई मौकों पर साथ संघर्ष करते देखा गया. जयराम के मुताबिक, इसी दौर में देवेंद्र को व्यापक राजनीतिक पहचान और चर्चा मिली.
हालांकि, जयराम महतो ने यह भी स्पष्ट किया कि देवेंद्र अगर अपनी अलग राजनीतिक राह चुनते हैं, तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है. उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत प्रतिद्वंद्विता से ज्यादा जरूरी झारखंड के मुद्दों और युवाओं की आवाज को आगे बढ़ाना है. जयराम महतो के इस बयान को झारखंड की राजनीति में सकारात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. उनके बयान के बाद अब राजनीतिक गलियारों में दोनों नेताओं के रिश्ते और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
