L19 DESK : झारखंड में शीतलहर चल रहा है। सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेसि के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें, तो अगले दो दिनों तक सुबह और शाम में ठंडी हवाओं का असर बरकरार रहेगा। शीतलहर को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि देर रात और अहले सुबह अगर बहुत जरूरी न हो तो घर के बाहर निकलने से बचें। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के पश्चिमी हिस्से में शीतलहर की पूरी संभावना है।
राजधानी रांची की बात करें तो यहां सुबह हल्की धुंध वाली स्थिति रही। झारखंड में ठंड का असर ग्रामीण इलाकों में सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची से सटे कांके सहित कई ग्रामीण इलाकों में शीतलहरी का असर दिख रहा है। न्यूनतम तापमान लगातार 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे चल रहा है। बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी स्थित मौसम केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार कांके का तापमान सोमवार को 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी के शहरी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस चढ़ा है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया ।