Ranchi : जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके पर कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में अभिजीत दिपके यह कहते हुए सुनाई देते हैं, “अभी-अभी मुझ पर जिसने हाथ उठाया है, उसे छोड़ दो. उसे मारो मत. आप सबसे मेरी रिक्वेस्ट है। हम पर हमला करने दो, लेकिन हम अपनी तरफ से हाथ नहीं उठाएंगे.

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था. वही अभिजीत दिपके को उनके समर्थक कंधे पर बैठाकर आगे बढ़ रहे थे.
इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया. इसके बाद प्रदर्शन में मौजूद पार्टी समर्थकों ने कथित हमलावरों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना के बाद मीडिया और प्रदर्शनकारियों ने कथित हमलावरों से हमला करने की वजह पूछी. इस दौरान युवकों की ओर से भी अपनी बात रखी गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है.
हालांकि, पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके को थप्पड़ मारने के आरोप में तीन युवकों समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
मारपीट की घटना के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “फिजिकल अटैक डर और कायरता की निशानी है. हम अपनी आवाज शांति से उठाते रहेंगे
उन्होंने आगे लिखा, “मैं गांधी और आंबेडकर का अनुयायी हूं और इस लड़ाई को शांति और प्यार से लड़ता रहूंगा।”
अभिजीत दिपके ने एक बार फिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर उनकी लड़ाई जारी रहेगी.
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
इसे भी पढे : दूसरी सीट पर नंबर नहीं, ‘नोट’ का खेल? झारखंड राज्यसभा चुनाव में बढ़ी सियासी हलचल
