L19/Khunti : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खूंटी दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में है। उनके खूंटी दौरे को लेकर जहां भारतीय पार्टी की तैयारी चल रही हैं तो वहीं आधिकारिक स्तर पर भी जोर-जोर से काम चल रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर खूंटी के उपायुक्त लोकेश मिश्रा बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू का लगातार दौरा कर रहे हैं। बिरसा के गांव को सजाने और प्रधानमंत्री के लिए सभी प्रकार के प्रबंध करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर उलिहातू गांव में बने हेलीपैड, बिरसा कॉलेज फुटबॉल स्टेडियम आदि का निरीक्षण किया जा रहा है। पार्टी के संगठन स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा को भाजपा यादगार बनाने में जुटी हुई है।
आजादी के बाद से भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में देश के प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधा बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू जाएंगे। जहां वह उनके परिजनों के साथ 10 मिनट का समय बिताएंगे। उनका हाल-चाल पूछेंगे। इसके बाद खूंटी स्टेडियम में रखी गई जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं मोदी की सभा को लेकर पार्टी की सांगठनिक इकाई के जिला के रांची ग्रामीण, रांची महानगर, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, जमशेदपुर महानगर, खूंटी, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा जिले की विशेष भागीदारी निभा रही है।
भाजपा की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस सभा में पांच लोकसभा और 29 विधानसभा क्षेत्र से लोगों को जुटाने की पूरी तैयारी है। इन क्षेत्रों में भाजपा के पदाधिकारी को विशेष टास्क दिया गया है। पीएम की यात्रा को लेकर पार्टी के अधिकारी स्तर पर काम चल रहा है। जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी के साथ लगातार तैयारी की समीक्षा और बैठक कर रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा जमशेदपुर और खूंटी में कैंप कर कोल्हान से ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने में लगे हुए हैं। भाजपा की ओर से अब तक संगठन महामंत्री कर्मवीर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश के महामंत्री आदित्य साहू और डॉक्टर प्रदीप लगे हुए हैं।