L19/Dhanbad : जोरदार धमाके के साथ फिर धनबाद में गोफ बन गया है। यह घटना धनबाद के कनकनी कोलियरी के जोगता 11 नंबर हरिजन बस्ती में रविवार की सुबह करीब 7.15 बजे जोरदार धमाके के साथ 100 फीट के दायरे में भयावह गोफ बन गया। इसमें दो घर जमींदोज हो गए। वहीं आधा दर्जन से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई में दरार पड़ गई है। इस घटना में अंजलि कुमारी नामक 10 वर्षीय बच्ची भागने के दौरान आंशिक रूप से चोटिल हो गई। घटना के समय घरों में किसी के नहीं रहने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि घरों में रखी लाखों की संपत्ति जमींदोज हो गई।
घटना के बाद बस्ती के ग्रामीण इतने भयभीत दिखे कि सभी अपने-अपने घरों से सामान निकालने में जुट गए। गोफ से हो रहे भयंकर गैस रिसाव के कारण ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कनकनी आउटसोर्सिंग का परिवहन एक घंटा के लिए रोक दिया। इसके बाद कनकनी कोलियरी से अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। तत्पश्चात प्रभावितों के साथ वार्ता हुई, लेकिन पुनर्वास को लेकर सहमति नहीं बनी। प्रबंधन ने प्रभावितों को कनकनी व सेंद्रा में तत्काल रहने की व्यवस्था की बात कही, जिसे ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया। प्रभावितों का कहना है कि उन लोगों को स्थाई रूप से सुरक्षित पुनर्वास कराया जाए। प्रबंधन हमेशा टालमटोल करता रहता है।