L19 DESK : रांची से हावड़ा के लिए वंदे भारत ट्रेन 24 सितंबर से शुरू होगी। इसकी तारीख का ऐलान कर दिया गया है। रांची-हावड़ा के अलावा नौ नये वंदे भारत ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। चेन्नई कोच फैक्टरी से दक्षिण-पूर्व रेलवे को इस ट्रेन के लिए आठ रैक मिल चुके हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि रांची-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत रांची रेलवे स्टेशन की जाएगी।
रांची से ट्रेन खुलकर मुरी, झालदा, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर, घाटशिला, झाड़ग्राम व खड़गपुर होते हुए हावड़ा जायेगी। पहले दिन ट्रेन का ट्रायल दोपहर 12:45 बजे होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ट्रेन नियमित रूप से किस समय पर चलेगी, यह तय नहीं हो सका है। दक्षिण-पूर्व रेलवे की ओर से इस ट्रेन के परिचालन को लेकर टाइमिंग तय नहीं हुई है।
हालांकि इसके लिए दो समय सारणी रेलवे बोर्ड को भेजी गई है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक जो समय सारिणी बोर्ड को भेजी गई है, उस पर विचार किया जा रहा है। बोर्ड रांची से हावड़ा और हावड़ा से रांची दोनों ओर से ट्रेन के समय निर्धारित करने पर विचार कर रहा है। बोर्ड को भेजी गई पहली समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन के हावड़ा से रवाना होने का समय सुबह आठ बजे और रांची पहुंचने का समय दोपहर 12:55 बजे निर्धारित किया गया है।
वहीं, वापसी में ट्रेन को दोपहर तीन बज कर 20 मिनट को रांची से रवाना करने का समय तय है। यह ट्रेन रात्रि आठ बज कर 10 मिनट पर हावड़ा पहुंचेगी। दूसरी समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन सुबह पांच बज कर 20 मिनट पर रांची से रवाना होगी और सुबह 11:55 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वहीं, हावड़ा से यह ट्रेन दोपहर तीन बज कर 30 मिनट पर रवाना होगी और रात्रि 10 बज कर 10 मिनट पर रांची पहुंचेगी। रांची-हावड़ा पहली वंदे भारत ट्रेन होगी, जिसका रखरखाव रांची रेल मंडल करेगी।