L19/Deoghar : डुमरी उपचुनाव में “इंडिया” गठबंधन की प्रत्याशी और स्व जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी की धमाकेदार जीत के बाद देवघर में गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। टावर चौक पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी और ढोल नगाड़ों के साथ एक दूसरे को गुलाल से रंग डाला। इस मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष सरोज कुमार सिंह ने कहा कि बेबी देवी की जीत दिवंगत जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि है।
बेबी देवी की जीत पर देवघर कांग्रेस के वरीय नेता अनंत मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के उपाध्यक्ष अजय कुमार एवं कांग्रेस नेता मणिकांत यादव ने उन्हें ढेरों शुभकामनायें दी हैं। इन नेताओं ने कहा कि डुमरी विधानसभा उपचुनाव की जीत ”जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया” कहावत को साकार करती है।
इस धमाकेदार जीत के मौके पर “इंडिया” कार्यकताओं ने मोहनपुर व त्रिकुट पहाड़ में पटाखों और मिठाइयों के साथ जश्न मनाया। झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल ने कहा कि यह जीत डुमरी की जनता की जीत है। मौके पर जिला उपाध्यक्ष नवल किशोर हेंब्रम, प्रखंड मीडिया प्रभारी अरुण शर्मा, सचिव पतीलाल मुर्मू, संगठन मंत्री श्रीकांत यादव, संयुक्त सचिव अरुण यादव, उपाध्यक्ष लोथो मुर्मू, कोषाध्यक्ष चंद्रमोहन मंडल, बीएन अग्रवाल, कुंदन मंडल, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष हेमंत चौधरी, नारायण यादव आदि मौजूद थे।