L19/Ranchi : रांची जमीन घोटाला में पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश को प्रोडक्शन रिमांड पर लेने के बाद अब ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस जमीन घोटाले के मामले में प्रेम प्रकाश की अहम संलिप्तता पायी गयी है। बता दें, प्रेम प्रकाश पहले से ही अवैध खनन मामले में जेल में बंद हैं। साहिबगंज के 1000 करोड़ के अवैध खनन मामले में वह मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी हैं।
इससे पूर्व ईडी ने पीएमएलए कोर्ट को जानकारी दी है कि प्रेम प्रकाश जानता था कि रांची में फर्जी दस्तावेज तैयार कराने वाला गिरोह है। इस गिरोह के बलबूते जमीन की फर्जी डीड तैयार की गयी थी। प्रेम प्रकाश ने इसे गलत तरीके से अपने करीबी पुनीत भार्गव के नाम पर ले लिया। इसके बाद पुनीत ने इसे विष्णु अग्रवाल को बेचा दिया था।
इन कारनामों के लिये प्रेम प्रकाश को 1.5 करोड़ रुपये मिले थे। ईडी ने इससे जुड़े सबूत को पीएमएलए कोर्ट को दिया। इसके बाद ईडी कोर्ट ने प्रेम प्रकाश को प्रोडक्शन वारंट जारी करने का आदेश दिया। इसी के साथ अब रांची जमीन घोटाला मामले में अब तक 14 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मामले की जांच पिछले 1 साल से की जा रही है।
बता दें, पिछले साल ईडी ने नवंबर में कारोबारी विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसी साल 13 अप्रैल को ईडी ने रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन के जमशेदपुर, रांची, सिमडेगा और हजारीबाग के कई ठिकानों पर छापा मारा था। उसी दिन 7 अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।