L19 DESK : झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा है। गौरतलब है कि राहुल गांधी मोदी सरनेम मानहानि केस में गुजरात हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद कांग्रेस पार्टी देशभर में प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस, राहुल गांधी को सजा और हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के लिए सीधे भारतीय जनता पार्टी को निशाना बना रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भ्रष्टाचार, अडानी को लेकर हिंडनबर्ग रिपोर्ट, रोजगार, किसान और महिला सुरक्षा पर सवाल पूछने के एवज में केंद्र सरकार ने राहुल गांधी को निशाना बनाया है।
बाबूलाल मरांडी ने एक ट्वीट में कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी बयान में कहा है कि राहुल गांधी जी की सजा के खिलाफ देशवासियों को आवाज़ उठानी चाहिए। मतलब, आप अपने पाप में देश की जनता को क्यों भागीदार बनाना चाहते हैं? पिछड़ों – दलितों को अपमानित आप करें, उनके लिए निकृष्टतम शब्दों का उपयोग आप करें फिर जब चोरी पकड़ी जाए तो आप बहाने बनाएं। देश की जनता कांग्रेस पार्टी के कुकर्मों से ऊब चुकी है। पूरा देश आज कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाने के लिए एक हो गया है। राहुल गंधी जी वीर सावरकर जैसे महान व्यक्तित्व पर आक्षेप करते हैं। हिंदू समाज को “हिंसक” बताते हैं।
आरएसएस जैसे देशभक्त सांस्कृतिक संगठन को पूरी दुनिया में बदनाम करने का अभियान चला रहे हैं। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी के विरुद्ध सार्वजनिक मंचों से अभद्र टिप्पणी करते हैं। भारत की छवि को धूमिल करने का षड्यंत्र रचते हैं। मैं उनकी बुद्धिमत्ता और परिपक्वता पर प्रश्न करता हूँ तो कांग्रेस के मित्रों को हमसे बहुत तकलीफ़ होती है। आप ही बताइए, देश के प्रति विद्वेष की भावना रखने वालों को कैसे डील किया जाना चाहिए और उनके बारे में क्या कहना चाहिए?