
L19/ Ranchi : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से शुरु होगा। चार अगस्त तक चलनेवाले सत्र को लेकर औपचारिकताएं शुरू कर दी गयी है। मानसून सत्र में छह दिनों का कार्यदिवस होगा। मानसून सत्र आहुत करने का प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल की 11 जुलाई को होनेवाली बैठक में लाया जायेगा। मानसून सत्र में राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित करने की कोशिश करेगी। वहीं विपक्षी पार्टियों की तरफ से भी सरकार को घेरने की कोशिश की जायेगी। जानकारी के अनुसार अब भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले पार्टी के नये विधायक दल के नेता का चुनाव भी किया जाना है, ताकि विधानसभा सत्र में पार्टी की आवाज को और धार दी जा सके। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को चिन्हीत करना शुरु कर दिया है ताकी प्रमुखता से सदन में उठाया जा सके। सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 का प्रथम अनुपूरक बजट आएगा।
