L19/Ranchi : राजधानी के अशोकनगर के चर्चित अग्रवाल बंधु हत्याकांड मामले में अदालत ने लोकेश चौधरी को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने लोकेश चौधरी के अलावा धर्मेंद्र तिवारी, सुनील सिंह को भी दोषी माना है। मामले की अगली सुनवाई 30 जून को होगी, जिसमें सजा के बिंदू तय किये जायेंगे। अग्रवाल बंधू हत्याकांड मामले में सुनवाई के समय सोमवार को तीनों आरोपी मौजूद थे। अपर न्यायायुक्त विशाल श्रीवास्तव की अदालत में हुई सुनवाई के क्रम में पुलिस की ओर से प्रस्तुत किये गये गवाहों और साक्ष्य के आधार पर मुख्य आरोपी लोकेश चौधरी को दोषी माना गया। सुनवाई के दौरान 19 गवाहों की गवाही दर्ज की गयी।
जानकारी के अनुसार लालपुर के शिवम अपार्टमेंट में रहनेवाले हेमंत अग्रवाल और महेंद्र अग्रवाल की हत्या वर्ष 2019 में पैसे की लेन-देन को लेकर कर दी गयी थी। दोनों अग्रवाल बंधू हत्या के समय अशोक नगर स्थित साधना न्यूज चैनल के ऑफिस में थे। पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2019 को दोनों भाई दिन के साढ़े चार बजे घर से अशोक नगर के लिए निकले थे। साधना न्यूज के चैनल में विवाद होने पर उनकी हत्या गोली मार कर की गयी थी। अरगोड़ा थाना के प्राथमिकी दर्ज हुई थी। हत्याकांड के मुख्य आरोपी लोकेश कुमार चौधरी घटना को अंजाम देने के बाद से फरार हो गया था। 9 मार्च 2020 को लोकेश चौधरी ने लोवर कोर्ट में सरेंडर किया था।
रांची पुलिस डबल मर्डर के आरोपी लोकेश चौधरी और एमके सिंह के घर और ऑफिस की कुर्की कर चुकी है। इस मामले में तीन आरोपी जेल में हैं। हत्या के बाद पुलिस ने लोकेश चौधरी के ड्राइवर शंकर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बॉडीगार्ड सुनील सिंह को पुलिस ने पकड़ा। एक अन्य बॉडीगार्ड धर्मेंद्र तिवारी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। बॉडीगार्ड ने खुलासा किया था कि पैसे को लेकर हत्या की गयी है। एसआइटी द्वारा बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश की कई जगहों पर छापामारी की गयी थी।