L19/Palamu : झारखंड में आये दिन नये नये तरीके अपना कर ठग लोगों को लूटते रहते हैं। एक बार फिर से पलामू जिले से खबर आयी है कि चोरों ने नयी तरकीब अपनाकर एक बुजुर्ग महिला से उसके गहने लूट लिये। यह घटना पलामू जिले में स्थित कनीराम चौक के पास की है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 4 चोरों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षा का पाठ पढ़ाकर उससे गहने लूट लिये। चोरों ने महिला से कहा कि आपको गहने पहनकर सड़कों पर इस तरह नहीं निकलना चाहिये। अभी थोड़ी देर पहले बाजार में लूट कांड को अंजाम दिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए आपको तुरंत ही अपने सारे गहने उतार लेने चाहिये। इसके बाद चोरों ने धोखे से महिला से गहने लेकर एक कागज़ में लपेटने के बहाने से लूट को अंजाम दिया। इसके बाद महिला को एक दूसरे कागज़ की पोटली थमा दी गयी जिसमें पत्थर के टुकड़े थे।
महिला की पहचान 65 वर्षीय सावित्री देवी के तौर पर हुई है जो जिले के कुंड मोहल्ले की निवासी है। इसके बाद महिला ने घटना की सूचना जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना की पुलिस को दी। सूचना प्राप्त करते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इस फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों को पकड़ने के लिये चोरों की पहचान करने में जुट गयी है।