L19 DESK: झारखंड में मौसम का मिजाज बदला है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों में आंधी पानी का असर है। 27 मई को आपको आंधी- पानी से थोड़ी राहत मिलेगी। 28 मई को भी झारखंड के कुछ इलाकों में हल्के और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 29 से मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में एक बार फिर धीरे- धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार तापमान में आने वाले तीन से चार दिनों में बढ़त होगी। एक बार फिर गर्मी आपको परेशान करेगी। शुक्रवार की दोपहर राज्य के अधिकतर जिलों में आई तेज आंधी और बारिश। हवा की रफ्तार भी कई जगहों पर 80 किमी प्रति घंटा से ज्यादा रही। कई जगहों पर पेड़ गिरे तो कहीं बिजली की समस्या भी आयी। आंधी-बारिश के समय रांची में पूरी तरह बिजली काट दी गयी थी। जमशेदपुर, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, खूंटी, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां में कुछ हिस्सों में बिजली मिल रही है जबकि बड़े हिस्सों में बिजली नहीं है।
मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी और लू से राहत मिल रही है लेकिन यह राहत लंबे समय के लिए नहीं है। एक बार फिर मौसम में गर्माहट लौटेगी, आज से ही राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में तापमान में बढ़त दर्ज की जा रही है। तेज धूप की वजह से तापमान बढ़ेगा। आंधी-तूफान, बारिश तथा वज्रपात आदि से पिछले 24 घंटों में झारखंड में सात लोगों की मौत हुई। शुक्रवार शाम भी आयी तेज आंधी और तूफान ने काफी नुकसान किया है। कई जगहों पर पेड़ गिरने से सड़क के साथ-साथ ट्रेनों के आवागमन पर भी असर पड़ा।
राज्य में मानसून के दौरान आमतौर पर 1100 मिमी के आसपास बारिश हो जाती है। इस बार जून में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना दर्ज की गयी है। शुक्रवार को हजारीबाग और गढ़वा में करीब 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली है। राज्य में सबसे अधिक बरसात गिरिडीह में दर्ज किया गया जो 78 मिमी बारिश का था। आज भी राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना है जबकि कल से एक बार फिर तापमान में बढ़त दर्ज की जा सकती है।