
L19 : ओड़िशा के बामडा रेल क्रियान्वयन कमेटी के रेक रोको आंदोलन का आज तीसरा दिन है. पिछले तीन दिनों से आंदोलन की वजह से कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है. इसके अलावा कई ट्रेनें रद्द की गयी है. यह स्टेशन ओड़िशा के संबलपुर में है. रेल रोको आंदोलन के कारण गुरुवार को भी झारसुगुड़ा से हटिया के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 18176 और 18175 (झारसुगुड़ा-हटिया-झारसुगुड़ा मेमु एक्सप्रेस) रद्द कर दी गयी है. इस आंदोलन के कारण झारसुगुड़ा से हटिया के बीच चलने वाली ट्रेनों के मार्ग भी बदले जा रहे हैं. रेल क्रियान्वयन कमेटी अध्यक्ष अनुभव लाठ की अगवाई में बामडा स्टेशन पर तीन हजार से अधिक ग्रामीण स्टेशन पर 12 ट्रेनों के परमानेंट स्टॉपेज, स्टेशन के दोनों छोर पर अंडर पास, बामडा में पार्सल बुकिंग और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. इसकी वजह से 22 फरवरी को भी झारसुगुड़ा से हटिया के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 18176 और 18175 (झारसुगुड़ा-हटिया-झारसुगुड़ा मेमु एक्सप्रेस) रद्द थी. वहीं स्टेशन पर सुबह 6 बजे से कई ट्रेनें फंसी हुई थीं. बुधवार को झारसुगुड़ा स्टेशन में तपस्विनी एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस, राउरकेला में अहमदाबाद डाउन एक्सप्रेस, राउरकेला भुवनेश्वर इंटरसिटी एक्सप्रेस, राउरकेला पूरी एक्सप्रेस, राजगंगपुर में समलेश्वरी एक्सप्रेस और अन्य स्टेशनों में डाउन उत्कल एक्सप्रेस फंस गयी थीं.
