रांची : झारखंड सरकार ने ग्रामीण विकास कार्यों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य के विभिन्न प्रखंडों में कार्यरत प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) के लिए 24 नई बोलेरो वाहन खरीदे हैं.

विभाग के अनुसार, इन वाहनों का उद्देश्य BDO को गांवों तक आसानी से पहुंचने और विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने में सहायता देना है. प्रत्येक वाहन की कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई गई है.
ये वाहन राज्य के 11 जिलों के 24 प्रखंडों में तैनात BDO को उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे अधिकारियों की क्षेत्रीय आवाजाही बेहतर होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं के निरीक्षण में तेजी आने की उम्मीद है.
नई बोलेरो वाहनों का औपचारिक वितरण 2 जुलाई को रांची स्थित एफएफपी बिल्डिंग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा. इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह अधिकारियों को वाहन सौंपेंगी.
सरकार का मानना है कि बेहतर परिवहन सुविधा मिलने से अधिकारियों की फील्ड विजिट बढ़ेगी और योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेग. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की अपेक्षा है कि इन नई सुविधाओं का लाभ विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति में भी दिखाई देगा.
