GODDA: जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण सदर प्रखंड के पैरडीह रेलवे अंडरपास में जलभराव हो गया है. अंडरपास में पानी भर जाने से वाहनों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है. स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सूचना मिलते ही प्रशासन और रेलवे हरकत में.
स्थिति की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत कार्य शुरू कर दिया. गोड्डा के उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने बताया कि अंडरपास से पानी निकालने के लिए दो उच्च क्षमता वाले पंप लगाए गए हैं. जल निकासी का कार्य युद्धस्तर पर लगातार जारी है.
जल्द सामान्य होगा आवागमन
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द अंडरपास से पानी निकालकर यातायात को सामान्य किया जाए. इसके लिए जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं.
स्थायी समाधान पर भी चल रहा काम
लोकेश मिश्रा ने बताया कि केवल तत्काल राहत कार्य ही नहीं, बल्कि भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में भी आवश्यक कार्य प्रक्रियाधीन है.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जल निकासी का कार्य पूरा होने तक अनावश्यक रूप से अंडरपास का उपयोग न करें. आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके.
