RANCHI : जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की जांच और अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का सत्याग्रह धरना बुधवार को 12वें दिन में प्रवेश कर गया. वहीं उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही. यह जानकारी आंदोलन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है.
सोनम वांगचुक से करीब आधे घंटे तक हुई बातचीत
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आंदोलन के दौरान देश के प्रख्यात इनोवेटर सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के माध्यम से छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से लगभग 30 मिनट तक बातचीत की. इस दौरान उन्होंने आंदोलन की स्थिति और देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा अपने विचार साझा किए.

शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने का दिया संदेश
विज्ञप्ति में कहा गया है कि बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक ने आंदोलन को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने आंदोलनरत छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए संयम बनाए रखने का संदेश भी दिया.
सोनम वांगचुक के आग्रह पर किया जल ग्रहण
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वीडियो कॉल के दौरान सोनम वांगचुक के आग्रह पर देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण किया. वहीं देवेंद्र नाथ महतो ने सोनम वांगचुक से रांची आकर आंदोलनरत छात्रों का मनोबल बढ़ाने का भी आग्रह किया.
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का दावा
मीडिया से बातचीत में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि जब तक जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं होती तथा अभ्यर्थियों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और सत्याग्रह आंदोलन जारी रहेगा.
इसे भी पढ़े : आज जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, बूथ पर जाकर अपना नाम और सभी विवरण जरूर करें चेक
