L19/Ranchi : झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। शुक्रवार से ही झारखंड के अधिकांश जिलों में बारिश हो रही है। राजधानी रांची में भी कमोबेश यही स्थिति रही और हवा के साथ-साथ रूक-रूक कर बारिश लगातार हो रही है। पूरे राज्य में बारिश होने से तापमान में गिरावट आयी है। राज्य में गोड्डा और पाकुड़ दो ऐसे जिले हैं, जहां का तापमान 35 डिग्री से ऊपर है।
राजधानी रांची के तापमान की बात करें तो यहां तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में राजधानी में लगभग 19 मिमी बारिश हुई है। 1 जून से 22 जुलाई 2023 तक रांची में 243.5 मिलीमीटर वर्षापात हुआ है, जबकि जमशेदपुर में 182.1 मिलमीटर। डालटेनगंज में 184.9 मिलीमीटर वर्षा हुई है, तो बोकारो में 178.6 मिलीमीटर और चाईबासा में 302 मिलीमीटर वर्षा अब तक हो चुकी है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद बताते हैं कि करीब-करीब पूरे राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। चाईबासा जिले में कई स्थानों पर तेज बारिश भी हुई। सबसे अधिक चाकुलिया में करीब 97 मिमी के आसपास बारिश हुई। मौसम केंद्र के अनुसार 29 जुलाई तक राज्य में मौसम इसी तरह रहेगा। कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेसि रहा। मौसम केंद्र रांची के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान जमशेदपुर में 22.2 मिलमीटर, डालटेनगंज में 0.6 मिलीमीटर, बोकारो में 9 मिलीमीटर, चाईबासा में 50 मिलीमीटर, देवघर में 0.5 मिलीमीटर, गिरिडीह में 6.5 मिलीमीटर, रामगढ़ में 25.5 मिलीमीटर और गोड्डा में 2.5 मिलीमीटर वर्षा हुई है।