L19/Giridih : सरिया थाना अंतर्गत सिमराबेड़ा गांव में बच्चा नहीं होने और दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर दी और सच को मिटाने की नीयत से शव को जला दिया। मृतका 25 वर्षीय निक्की कुमारी है जिसकी कुछ वर्षों पहले सूरज नाम के साथ शादी हुई थी। मृतका निक्की के भाई अमन ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले और दहेज की मांग करते थे। बच्चा नहीं होने का हवाला देकर भी निक्की को कई बार प्रताड़ित किया जाता था। अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी। अमन ने बताया कि मंगलवार को किसी ने बताया कि निक्की की मौत हो चुकी है। जब हम पहुंचे तो देखा कि नदी किनारे निक्की के शव को जलाया जा रहा था।
मृतका निक्की के भाई अमन ने बताया कि उसकी 25 वर्षीय बहन की शादी सिमराबेड़ा गांव निवासी सूरज के साथ वर्ष 2018 में हुई थी। शादी के 3 साल बीत गए लेकिन उनकी कोई संतान नहीं हुई। ऐसे में ससुराल वाले निक्की को बांझ कहकर प्रताड़ित करने लगे। अक्सर उसे मारा-पीटा करने लगा। कई बार उसे घर से भी निकाल दिया गया था। मेरी बहन को पति अक्सर दूसरी शादी करने की धमकी देता था। बहन की शिकायत पर कई बार सामाजिक स्तर पर समझौता करवाया गया। अमन ने बताया कि 2021 में जीजा ने खेताडाबर गांव निवासी भरत सिंह की बेटी सुरभि से दूसरी शादी कर ली। दिसंबर 2022 में निक्की को ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। वह मायके आ गई।
अमन ने आरोप लगाया कि जब हमने निक्की को वापस ससुराल ले जाने को कहा तो 5 लाख रुपये की डिमांड की गई। किसी तरह 2 लाख रुपये का इंतजाम कर निक्की को ससुराल भेजा। इसके बाद भी ससुराल वाले और 3 लाख रुपये की मांग करते रहे। मंगलवार को जानकारी मिली कि निक्की की मौत हो गई है। जब निक्की के मायके वाले गांव पहुंचे तो पता चला कि निक्की के शव को दाह-संस्कार के लिए नदी किनारे ले जाया गया है। अमन का कहना है कि जब हमलोग नदी किनारे पहुंचे तो देखा लाश जल चुकी है। हमलोगों को देखते ही निक्की के ससुराल वाले भागने लगे। अमन का दावा है कि उन्होंने निक्की के पति सूरज और नागो चौधरी नाम के एक अन्य शख्स को भागते देखा। मंगलवार को ही मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। निक्की के मायके वालों ने निक्की के पति सूरज सहित नागो चौधरी, पिंकी देवी, सरस्वती देवी, अंशु देवी, सुरभि और भगत सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। थाना प्रभारी संतोष मौर्या मामले की छानबीन में जुटे हैं।