RANCHI : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश की राजनीति में जारी घमासान के बीच केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR को लेकर झूठ और भ्रम फैलाकर चुनाव आयोग तथा संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है. रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी, टीएमसी, वामपंथी दलों और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को निशाने पर लिया.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और अब अपनी हार का ठीकरा SIR पर फोड़ रही है. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 से 2025 के बीच कांग्रेस 56 चुनाव हार चुकी है. उनके मुताबिक, विपक्ष को चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के बजाय अपनी नीतियों और नेतृत्व की समीक्षा करनी चाहिए.
13 करोड़ वोटरों के नाम हटाने के मुद्दे पर क्या बोले सुकांत मजूमदार?
SIR को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर सुकांत मजूमदार ने कहा कि विपक्ष केवल मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम हटाए जाने की बात कर रहा है, लेकिन इसके पीछे के कारणों को जनता के सामने नहीं रख रहा है. उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि हटाए गए नामों में करीब 2.8 करोड़ मृत मतदाता, 6.3 करोड़ ऐसे लोग शामिल हैं जो अपना स्थान बदलकर दूसरी जगह बस गए हैं और लगभग एक करोड़ डुप्लीकेट नाम हैं.
मंत्री ने कहा कि मृत मतदाताओं को छोड़कर अन्य संबंधित मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं. बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम और विवरण की पुष्टि कर रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस प्रक्रिया में भाजपा, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के करीब 20 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) जुड़े रहे हैं.हालांकि, प्रेस वार्ता में पेश किए गए इन आंकड़ों और दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अलग से किया जाना जरूरी है.
2014 से 2025 तक 56 चुनाव हार चुकी है कांग्रेस
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी चुनावों में लगातार मिल रही हार के लिए कभी EVM तो कभी SIR को जिम्मेदार ठहराती है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना जरूरी है, न कि हर हार के बाद चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाना. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आंदोलन के बीच विदेश यात्रा करने से चुनाव नहीं जीते जाते. इसके लिए जनता का भरोसा हासिल करना पड़ता है. सुकांत मजूमदार ने विपक्ष के रवैये को लेकर कहा कि राजनीतिक दलों को अपनी नीतियों, संगठन और नेतृत्व पर विचार करना चाहिए. चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार आरोप लगाने से राजनीतिक समस्याओं का समाधान नहीं होगा.
देश में 12वीं बार हो रही SIR की प्रक्रिया
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है. उनके मुताबिक, देश में अब तक 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है और इनमें से 10 बार यह प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी. उन्होंने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया. सुकांत मजूमदार ने कहा कि पहले मतदाता सूची में नामों का पुनरीक्षण सामान्य प्रक्रिया माना जाता था, लेकिन अब विपक्ष इसी प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है. इसके लिए संविधान में स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं.
राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ वाले बयान पर भी साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान सुकांत मजूमदार ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ संबंधी बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी से वोट चोरी के सबूत मांगे जाते हैं, तो वह अपनी आशंका और फीलिंग की बात करते हैं. केंद्रीय मंत्री ने इसे गैरजिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि विपक्ष को गंभीर आरोप लगाने से पहले ठोस सबूत पेश करने चाहिए.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को संवैधानिक प्रावधानों को समझना चाहिए. उनके मुताबिक, मतदाता बनने की पात्रता, मतदाता सूची का पुनरीक्षण और चुनाव आयोग के अधिकारों का उल्लेख संविधान में किया गया है.
दिल्ली में हुए हंगामे को लेकर विपक्ष पर आरोप
सुकांत मजूमदार ने विपक्ष पर दिल्ली में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने 20 जुलाई को हुए हंगामे का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस दौरान 118 पुलिसकर्मी घायल हुए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को भी निशाना बनाया गया. मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनाव और जनता का समर्थन है. सड़कों पर हंगामा और अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती. उन्होंने विपक्षी दलों से चुनावी प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने और जनता के बीच जाकर अपनी बात रखने की अपील की.
2029 के चुनाव को लेकर भी किया दावा
प्रेस वार्ता के दौरान सुकांत मजूमदार ने 2029 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भी जनता विपक्ष को जवाब देगी और भाजपा के नेतृत्व में फिर सरकार बनेगी. उन्होंने मीडिया से अपील की कि SIR को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रम और संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे सवालों की वास्तविकता जनता तक पहुंचाई जाए.
प्रेस वार्ता में भाजपा के कई नेता रहे मौजूद
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे. SIR को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. एक तरफ भाजपा इसे मतदाता सूची को दुरुस्त करने की नियमित प्रक्रिया बता रही है, वहीं विपक्ष मतदाताओं के नाम हटाए जाने और इसके संभावित प्रभावों को लेकर सवाल उठा रहा है. ऐसे में SIR की प्रक्रिया, हटाए गए नामों के कारण और प्रभावित मतदाताओं की स्थिति आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस का प्रमुख मुद्दा बने रहने की संभावना है.
