RANCHI/KHUNTI : झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई. मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं. हादसा कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया. दुर्घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
स्कूटी सवार को बचाने पहुंचे थे ग्रामीण, तभी आ गया मौत बनकर ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था. उसे बचाने के लिए आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए. कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर यह सब देख रहे थे. इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 चक्का ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. अचानक हुए इस हादसे में लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. ट्रेलर की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए.
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, उजड़ गया परिवार
इस हादसे में स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. दुर्घटना में उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की मौत हो गई. मृतकों की पहचान कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजलि कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ नायक के रूप में हुई है. घायलों को खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे में सात लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास सड़क जाम कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है.
तीखे मोड़ और अंधेरे के कारण हुआ हादसा
घटना की सूचना मिलने के बाद खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली. उन्होंने हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया. एसपी के अनुसार, रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग उसकी मदद के लिए पहुंचे थे. घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण ट्रेलर चालक को सड़क किनारे मौजूद लोग दिखाई नहीं दिए, जिसके चलते यह भीषण दुर्घटना हुई. एसपी ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है. घायल बच्ची खतरे से बाहर है. दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

खूंटी में हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गहरा दुख जताया है. उन्होंने सात लोगों की मौत को हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
इसे भी पढ़े : रांची में बढ़ने लगी ठंड, सुबह कुहासा और रात में बढ़ेगी कनकनी, 8 नवंबर तक ऐसा रहेगा मौसम
