L19/Ranchi : आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने मंगलवार को नीमडीह स्थित ईचागढ़ में क्रांतिवीर गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों की संघर्ष गाथा लोगों को जुल्म और अन्याय से लड़ने की शक्ति प्रदान करता है। इसलिए सभी स्कूलों व कॉलेजों के सिलेबस में झारखंड के महानायकों की इतिहास दर्ज किया जाना चाहिए। तभी बच्चों को वीर योद्धाओं के बारे में जानकारी हासिल कर पायेंगे।
क्रांतिवीर गंगा नारायण सिंह के बारे में अपना भाषण देते हुए आजसू सुप्रीमो ने कहा कि झारखंड की धरती पर महान शौर्य और पराक्रमी वीर सपूतों का जन्म हुआ है। झारखंड की माटी के इस लाल ने सीमित संसाधनों, पारंपरिक हथियारों के साथ अंग्रेजों के आधुनिक हथियारों का सामना किया। इन्होंने भूमिज विद्रोह को जन्म दिया। इसलिए हमें इनसे प्रेरणा लेने की ज़रुरत है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, आक्रामकता व कुशल प्रबंधन से बड़ी से बड़ी लड़ाई जीती जा सकती है।