L19 / Ranchi : राजधानी रांची में पुलिस के लिए सरदर्द बना कालू लामा गिरोह का सक्रिय सदस्य रोहित मुंडा ऊर्फ बीड़ी को झारखंड एंटी टेररिस्ट स्कवायड (एटीएस) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। अब तक बीड़ी पुलिस की नजरों से न सिर्फ फरार था, बल्कि राजधानी में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका था। एटीएस की टीम ने बीड़ी के साथ अभिषेक मल्लिक को बोकारो से गिरफ्तार किया, जबकि शुभम विश्वकर्मा को रांची से पकड़ा गया है। रांची पुलिस और एटीएस की संयुक्त छापेमारी में तीनों मोस्ट वांटेड क्रिमिनल को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बीड़ी रांची में काफी सक्रिय था। इसपर धवन राम और बिट्टू खान की हत्या में भी शामिल होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार हुए सारे अपराधी गैंगवार में मारे गए कालू लामा गिरोह के सदस्य हैं। 27 जनवरी 2022 को मोरहाबादी मैदान के पास लव कुश शर्मा गिरोह के अपराधियों ने कालू लामा पर अंधाधुंध फायरिंग की थी।गर्दन में गोली लगने से कालू लामा की मौके पर ही मौत हो गयी थी. जबकि दूसरे अपराधी शुभम विश्वकर्मा को गंभीर हालात में रिम्स भर्ती कराया गया था।
एटीएस कर रही है पूछताछ
पहली बार पुलिस कुख्यात रोहित मुंडा उर्फ बीड़ी को गिरफ्तार कर पाई है। गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों से पूछताछ की जा रही है. एटीएस की टीम के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे पहले रामगढ़ के पतरातू में डीएसपी नीरज कुमार पर गोली चलानेवाले अपराधी को भी एटीएस ने लोहरदगा से 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया था। डीएसपी नीरज कुमार पर गैंगस्टर अमन साव गिरोह के लोगों ने गोली चलायी थी।