RANCHI : दिवाली और छठ महापर्व को देखते हुए झारखंड की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (MMMSY) की लाभुक महिलाओं को अक्टूबर महीने की किस्त के रूप में ₹2,500 मिलने का इंतजार है. इसे लेकर जिलावार स्तर पर राशि ट्रांसफर करने की तैयारियों की खबरें सामने आ रही हैं. दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार की इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता दी जाती है. इस बार त्योहारों के मद्देनजर दिवाली और छठ से पहले अक्टूबर महीने की किस्त जारी होने की संभावना जताई जा रही है.
करीब 51 लाख महिलाओं को मिल सकता है लाभ
योजना के तहत राज्य की करीब 51 लाख पात्र महिलाओं को इस किस्त का लाभ मिलने की उम्मीद है. यदि राशि जारी होती है, तो प्रत्येक पात्र लाभुक के बैंक खाते में ₹2,500 की रकम DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी. इससे महिलाएं दिवाली और छठ की खरीदारी सहित अपनी घरेलू जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक मदद हासिल कर सकती हैं.
कब आएंगे महिलाओं के खाते में पैसे?
फिलहाल अक्टूबर महीने की किस्त के भुगतान की आधिकारिक तारीख स्पष्ट नहीं हुई है. ऐसे में लाभुक महिलाओं को सरकार की ओर से औपचारिक घोषणा का इंतजार है. भुगतान की तारीख और जिलावार राशि हस्तांतरण को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिलाओं के खातों में पैसे कब तक पहुंचेंगे. अब देखना होगा कि दिवाली से पहले झारखंड की मंईयां के बैंक खातों में ₹2,500 की राशि पहुंचती है या महिलाओं को इसके लिए त्योहार के बाद तक इंतजार करना पड़ता है.
इसे भी पढ़े : झारखंड में मौसम की आंख-मिचौली जारी, 5 नवंबर तक बारिश के आसार
