RANCHI : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है. मौसम केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 28 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. सुबह से ही राजधानी रांची में इसका असर देखने को मिला, जहां बादल छाने के साथ तेज हवा चली और सुबह 7 से 8 बजे के बीच कई इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई. मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में आज मौसम बदला रहेगा. दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तर-पश्चिमी इलाकों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा.
इसे भी पढ़े : जगुआर कैंपस में बनेगा ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन’ आवासीय विद्यालय

येलो अलर्ट और वज्रपात की चेतावनी
मौसम केंद्र रांची ने येलो अलर्ट जारी किया है. कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार रहने की संभावना है. इसके साथ ही वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 29 अप्रैल से 1 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी. 2 और 3 मई को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा. अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
