RANCHI : झारखंड में शहीद पुलिसकर्मियों, सेना और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों के बच्चों के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है. रांची के जगुआर कैंपस में ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन’ आवासीय विद्यालय का निर्माण किया जाएगा. इसको लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित विद्यालय परिसर के निर्माण कार्य की समीक्षा की. बैठक के दौरान अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना की रूपरेखा, निर्माण कार्य, उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और भविष्य की कार्ययोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी.

शहीद जवानों के बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि विद्यालय निर्माण के लिए जगुआर कैंपस में जल्द से जल्द भूमि चिन्हित की जाए. ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रस्तावित ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन’ आवासीय विद्यालय परिसर के निर्माण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली गई है. और आगे की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी.
यह आवासीय विद्यालय विशेष रूप से शहीद पुलिसकर्मियों, आर्मी और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है. जिससे उन्हें बेहतर भविष्य मिल सके.
