RANCHI : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (Special Intensive Revision-2026) के तहत आज रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट (प्रारूप मतदाता सूची) प्रकाशित की जाएगी. इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे.
नाम, पता और अन्य विवरण का करें मिलान.
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम, पता, उम्र, लिंग और अन्य विवरण का मिलान अवश्य करें. यदि किसी प्रकार की त्रुटि, नाम की गलती, पता गलत होने या अन्य कोई विसंगति मिलती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराएं. इससे अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले आवश्यक सुधार किया जा सकेगा.

ASDD सूची भी होगी प्रकाशित
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के साथ मतदान केंद्रों पर ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी प्रकाशित की जाएगी. इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है.
उपायुक्त ने मतदाताओं से की सहयोग की अपील
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि त्रुटिरहित और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने में सभी पात्र मतदाताओं का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने लोगों से अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची का सत्यापन करने और किसी भी त्रुटि की स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की.
समय रहते कराएं सुधार
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह ड्राफ्ट वोटर लिस्ट है, अंतिम मतदाता सूची नहीं. इसलिए यदि किसी मतदाता के विवरण में कोई गलती पाई जाती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराकर उसमें सुधार कराया जा सकता है. प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार की सुरक्षा के लिए सूची का सत्यापन करने की अपील की.
:::
