RANCHI : झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने विधायक जयराम कुमार महतो की गिरफ्तारी की मांग की है. एसोसिएशन ने इस संबंध में कहा है कि विधायक के खिलाफ दर्ज मामले में पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की जाए. एसोसिएशन के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 की रात जयराम महतो ने अपने मोबाइल नंबर से धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को WhatsApp कॉल किया था. आरोप है कि बातचीत के दौरान विधायक ने कथित तौर पर गाली-गलौज, अमर्यादित भाषा और धमकी का इस्तेमाल किया.
समर्थकों के साथ थाना पहुंचने का भी आरोप
दावा किया गया है कि WhatsApp कॉल के बाद देर रात जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे. एसोसिएशन का आरोप है कि थाना प्रभारी के कार्यालय में भी कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया. इस दौरान टेबल पर रखे सामान को इधर-उधर करने और नाम पट्टिका तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है.
पुलिसकर्मियों के सम्मान का मुद्दा उठाया
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कहा है कि विधायक जयराम महतो की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगातार कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है. एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की भाषा से पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है. एसोसिएशन ने पूरे घटनाक्रम को पुलिस विभाग और उसके सदस्यों के लिए पीड़ादायक बताते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
बरवाअड्डा थाने में दर्ज है मामला
एसोसिएशन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पांच दिनों में गिरफ्तारी की मांग
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने अपने केंद्रीय कार्यालय से मांग की है कि विधायक जयराम कुमार महतो और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. एसोसिएशन ने पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने की मांग रखी है.
