गोड्डा: जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र के छगराहा गांव में सोमवार को 23 वर्षीय विवाहिता गुड़िया कुमारी का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम और बलबड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया.स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है.

मृतका की मां यशोदा देवी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि बेटी की शादी कुछ समय पहले हुई थी और उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार करीब तीन लाख रुपये दहेज दिया था. इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा 50 हजार रुपये नकद और अतिरिक्त गहनों की मांग लगातार की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर गुड़िया को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. परिजनों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है.
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने कहा पोस्टमार्टम और जांच के बाद होगा खुलासा
वहीं मृतका के पति रंजीत दास ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह दोनों के बीच हल्का विवाद हुआ था. इसके बाद वह काम पर चला गया. उसने दावा किया कि वापस लौटने पर उसने पत्नी को कमरे में फंदे से लटका पाया और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ जारी है.
इसे भी पढ़े : आदिवासी समाज की बेटी स्वाति लकड़ा ने रचा इतिहास, DG बनने वाली समाज की पहली महिला IPS
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. यदि दहेज उत्पीड़न या हत्या के साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है.
