L19/Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सचिवालय घेराव कार्यक्रम में हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ के नारे के साथ प्रोजेक्ट बिल्डिंग मंत्रालय तक पहुचने की कोशिश की। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं का सचिवालय पहुंचने का कार्यक्रम डेढ़ से दो घंटे तक रणक्षेत्र की तरह तब्दील हो गया। इससे पहले प्रभात तारा ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पार्टी के केंद्रीय प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेंत अन्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं के संबोधन के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता लगाये गये बैरिकेटिंग को तोड़ते हुए सचिवालय तक पहुंचने की कोशिश की। पार्टी नेताओं में राज्यसभा सांसद समीर उरांव, सुनील सिंह, जयंत सिन्हा, संजय सेठ, भाजपा के मुख्य सचेतक विरंची नारायण, महिला मोरचा की अध्यक्ष आरती कुजूर समेत अन्य नेताओं ने अपने-अपने जत्थे के साथ प्रोजेक्ट भवन मंत्रालय की तरफ कूच किया। भाजपा नेताओं को रोकने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को लगाया गया था। पार्टी कार्यकर्ताओ ने बैरिकेटिंग को तोड़ आगे बढ़ने की कोशिश भी की।
इसके बाद जिला प्रशासन की तरफ से वाटर कैनन का उपययोग किया गया। इस पर भी बात नहीं बनी, तो लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए छोड़ा गया। पुलिस ने ऐहतियात के क्रम में सांसद समीर उरांव, सुनील सिंह, संजय सेठ, विरंची नारायण, विधायक अमित मंडल, आरती कुजूर को हिरासत में ले लिया। इन्हें निकटवर्ती जगरनाथपुर थाने में रखा गया था। दोपहर डेढ़ बजे से तीन बजे तक भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं ने दो बार सचिवालय जाने की कोशिश की। पुलिस प्रशासन ने इन्हें कई जगहों पर रोका। रांची के सिटी एसपी शुभांशु जैन ने कहा कि भाजपा नेताओं पर कार्रवाई होगी। एचइसी का इलाका डेढ़ से दो घंटे तक रणक्षेत्र बना रहा, जहां वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले, लाठी चार्ज और ईंट-पत्थर चले।भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ता हेमंत सोरेन के लाठी और डंडों से डरनेवाली नहीं।
हमारी आवाज अब दबेगी नहीं। डंडों के जोर से अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने की कोशिश नामकाम होगी। इस भ्रष्टाचारी सरकार के खिलाफ हमारी लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार लाठी डंडों से न तो आंदोलन को कुचल पायेगी और न ही भाजपा कार्यकर्ताओं के इरादों को। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता इस जन विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आंधी को कोई रोक नहीं पायेगा। पूर्व सीएम और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सरकार को शायद यह पता नहीं कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। इन कदमों से डरनेवाले लोग नहीं हैं। जनहित के लिए हमारा संघर्ष चलता रहेगा। झारखंड की दमनकारी सरकार भाजपा के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठियां बरसायी।