RANCHI : झारखंड स्थापना दिवस समारोह और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा. इस दौरान 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को वीरता पदक और पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा. सम्मानित होने वालों की सूची में आठ आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं.
वीरता पदक के लिए ऐसे पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में साहस, रणनीतिक कौशल और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया. इन अधिकारियों और जवानों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनौतीपूर्ण पुलिस अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
13 पुलिसकर्मियों को मिलेगा वीरता पदक
वीरता पदक पाने वालों में तत्कालीन हजारीबाग डीआईजी और वर्तमान आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह तथा तत्कालीन चतरा एसपी और वर्तमान रांची एसएसपी राकेश रंजन शामिल हैं. इसके अलावा तत्कालीन रांची कोतवाली डीएसपी और वर्तमान धनबाद के विधि-व्यवस्था डीएसपी प्रकाश सोय तथा एटीएस रांची के पूर्व डीएसपी और वर्तमान हटिया डीएसपी नीरज कुमार को भी वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा.
पुलिस निरीक्षक, अवर निरीक्षक और आरक्षी स्तर के जवानों को भी उनके साहसिक कार्यों के लिए इस सम्मान से नवाजा जाएगा.वीरता पदक पाने वालों में इंस्पेक्टर सनोज कुमार चौधरी, आरक्षी प्रकाश कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार, दिव्य प्रकाश, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता शामिल हैं. इन पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग जिलों में तैनाती के दौरान किए गए कार्यों के लिए सम्मान हासिल किया है.
सराहनीय सेवा पदक से भी सम्मानित होंगे अधिकारी
वीरता पदक के अलावा पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवा देने वाले अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा. इस श्रेणी में छह आईपीएस अधिकारियों और एक पुलिसकर्मी का चयन किया गया है.
सीआईडी के आईजी असीम विक्रांत मिंज तथा रांची के पूर्व डीआईजी और वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अनीश गुप्ता को सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा.राज्य स्थापना दिवस समारोह में पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने का यह आयोजन उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को पहचान देने के साथ पुलिस विभाग में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने का अवसर होगा.
इसे भी पढ़े : छात्रों की महापंचायत से आंदोलन 2.0 का आगाज, सरकार को घेरने की तैयारी
