RANCHI/HAZARIBAGH : सरकारी दफ्तरों में आम लोगों की सुनवाई और अधिकारियों की कार्यशैली पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं. लेकिन हजारीबाग के बिष्णुगढ़ प्रखंड में एक 70 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक ने जिला उपायुक्त के जनता दरबार में ऐसा मामला उठाया, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फाराचांच निवासी सेवानिवृत्त विज्ञान शिक्षक नागेश्वर महतो ने अंचल अधिकारी नित्यानंद दास पर 4 लाख रुपये रिश्वत लेने और जेसीबी से उनकी निजी जमीन की चारदीवारी ध्वस्त कराने का आरोप लगाया है.

10 लाख रुपये मांगने का आरोप, दो किस्तों में दिए 4 लाख
दरअसल, शिक्षक नागेश्वर महतो ने जिला उपायुक्त हेमंत सती को दो पन्नों का लिखित आवेदन सौंपा है. इसमें उन्होंने कथित रिश्वत मांगने और भुगतान से जुड़ी तारीखों का भी जिक्र किया है. आवेदन के मुताबिक, अंचल अधिकारी की ओर से एक बिचौलिए के माध्यम से कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मांग की गई थी. शिक्षक का आरोप है कि दबाव में आकर उन्होंने अपने भतीजे के साथ दो किस्तों में कुल 4 लाख रुपये दिए. पहली किस्त के रूप में 14 अक्टूबर 2025 को 2 लाख रुपये और दूसरी किस्त के रूप में 8 दिसंबर 2025 को 2 लाख रुपये दिए जाने का दावा किया गया है.
गलत प्लॉट पर जेसीबी चलाने का आरोप
शिक्षक ने अपने आवेदन में 29 जून 2026 की घटना का भी जिक्र किया है. उनका आरोप है कि अतिरिक्त पैसे नहीं देने पर प्रशासन ने जेसीबी चलवाकर उनकी जमीन पर बनी चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया. शिकायत में जमीन से जुड़े दस्तावेजों और प्लॉट संख्या का हवाला देते हुए कहा गया है कि नोटिस खाता संख्या 45 और प्लॉट संख्या 534 के लिए जारी किया गया था, जबकि कार्रवाई खाता संख्या 1/44 और प्लॉट संख्या 77 पर की गई. शिक्षक के मुताबिक, इस जमीन पर ग्रामीण बच्चों की शिक्षा के लिए विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा था.
पुराने जमीन के दस्तावेज दिखाने के बावजूद सुनवाई नहीं होने का दावा
नागेश्वर महतो ने आवेदन में यह भी कहा है कि उन्होंने वर्ष 1935 से 2016 तक की सरकारी लगान रसीदें और जमीन से जुड़े मूल दस्तावेज अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किए थे. इसके बावजूद उनकी शिकायत पर उचित सुनवाई नहीं हुई. शिक्षक ने आरोप लगाया है कि अंचल कार्यालय की कार्यशैली के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें डराया-धमकाया गया और झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की गई. उन्होंने अपने आवेदन में कांड संख्या 146/2026 का भी उल्लेख किया है.
अब प्रशासन की जांच पर टिकी निगाहें
इस पूरे मामले में अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या वास्तव में रिश्वत के नाम पर शिक्षक से 4 लाख रुपये लिए गए? क्या निर्धारित प्लॉट के बजाय किसी दूसरी जमीन पर जेसीबी से कार्रवाई की गई? और क्या इस मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होगी? फिलहाल, ये सभी आरोप सेवानिवृत्त शिक्षक नागेश्वर महतो की ओर से लगाए गए हैं. इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. अंचल अधिकारी नित्यानंद दास का पक्ष और जिला प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने आना बाकी है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और आरोपों की जांच के लिए कोई उच्चस्तरीय कदम उठाया जाता है या नहीं.
इसे भी पढ़े : छात्रों की महापंचायत से आंदोलन 2.0 का आगाज, सरकार को घेरने की तैयारी
