RANCHI : IRS अधिकारी निशा उरांव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. उनके खिलाफ लगे कथित आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गई है. आदिवासी समन्वय समिति के संयोजक लक्ष्मी नारायण सिंह मुंडा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर इस पूरे मामले में जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है. दरअसल, शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि निशा उरांव के कुछ सार्वजनिक बयान और गतिविधियां झारखंड के आदिवासी इलाकों में धार्मिक तनाव बढ़ा सकती हैं. इससे अलग-अलग समुदायों के बीच आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है.

समिति ने अपने पत्र में कहा है कि निशा उरांव केंद्र सरकार की IRS अधिकारी हैं. ऐसे में उन्हें सरकारी सेवा के नियमों का पालन करना चाहिए और अपने सार्वजनिक आचरण में धार्मिक निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए. इतना ही नहीं, शिकायत में उनके आयकर विभाग में कामकाज को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. समिति ने बड़े कारोबारियों और टैक्स चोरी से जुड़े मामलों में उनके द्वारा की गई कार्रवाई की भी जांच कराने की मांग की है.
समिति ने राष्ट्रपति से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है. हालांकि, फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता समिति की ओर से लगाए गए हैं. इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस शिकायत पर किसी जांच या कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने आई है. अब देखना होगा कि राष्ट्रपति भवन और केंद्र सरकार इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं.
