RANCHI/BOKARO : झारखंड स्थापना दिवस समारोह को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने एनआईसी कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर ललपनिया में आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने जिला स्तरीय प्रदर्शनी को आकर्षक, रोचक और जानकारीपरक बनाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस समारोह बोकारो की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को आम लोगों के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है. प्रदर्शनी में जिले की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान के साथ विकास कार्यों की तस्वीर भी दिखाई देनी चाहिए.
जनजातीय कला और संस्कृति का बनेगा विशेष कॉर्नर
उपायुक्त ने प्रदर्शनी में जनजातीय कला, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य और लोकसंगीत को प्रदर्शित करने के लिए विशेष कॉर्नर बनाने का निर्देश दिया. झारखंड की विभिन्न जनजातियों की परंपराओं और सांस्कृतिक विशेषताओं को तस्वीरों और जानकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा.

सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की दिखेगी तस्वीर
प्रदर्शनी में ‘विकास की ओर बढ़ते कदम’ थीम के तहत जिले की प्रमुख उपलब्धियों को जगह मिलेगी. इसमें साइकिल वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी. इसके अलावा जिले में बनी सड़कों, पुल-पुलियों, भवनों और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों को भी दिखाया जाएगा. बैंकिंग क्षेत्र की उपलब्धियों में सीडी रेशियो, ऋण वितरण, बैंक लिंकेज और वित्तीय समावेशन से संबंधित आंकड़े शामिल किए जाएंगे.
पुराने और नए बोकारो की तस्वीरें भी होंगी प्रदर्शित
प्रदर्शनी में बोकारो की ऐतिहासिक और औद्योगिक पहचान के साथ जिले की ग्रामीण, सामाजिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को भी सामने लाया जाएगा. पुराने और वर्तमान बोकारो की तुलनात्मक तस्वीरों के जरिए जिले में आए बदलावों को दिखाने की योजना है. प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों, महोत्सवों और विशिष्ट अतिथियों के आगमन से जुड़ी तस्वीरों को भी प्रदर्शनी में स्थान मिलेगा.

प्रखंड स्तर पर होंगी प्रतियोगिताएं
उपायुक्त ने 24 नवंबर तक आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा की गतिविधियों के फोटोग्राफ संकलित कर प्रदर्शनी में लगाने का निर्देश दिया. विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं के बाद प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी. इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. इसके साथ ही पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, बैंकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने सभी विभागों को अपनी योजनाओं, उपलब्धियों, महत्वपूर्ण आंकड़ों और तस्वीरों को समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
प्रदर्शनी और सेमिनार के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए जाएंगे. प्रशासन का प्रयास है कि समारोह में आने वाले लोग एक ही जगह पर बोकारो की सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और प्रशासनिक उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर सकें. बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एएमसी संजीव कुमार, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, डीईओ प्रवीण रंजन, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह और डीडीएमओ शक्ति कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
