RANCHI : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. 20 से 23 नवंबर तक अलग-अलग जिलों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है.
मौसम विभाग ने शुक्रवार, 20 नवंबर को झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और रामगढ़ में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. वहीं, बोकारो और धनबाद के आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम बदलने की संभावना है.
21 नवंबर को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है. देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है.
रांची में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
राजधानी रांची में शुक्रवार और शनिवार तक आसमान में सामान्यत: बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान दो या अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई. गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 22 नवंबर को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, 23 नवंबर को आंशिक बादल रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, सुबह कोहरे का अनुमान
मौसम में बदलाव के कारण राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है. बारिश के बाद सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है. वहीं, 24 और 25 नवंबर की सुबह राज्य के कुछ हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. इसके बाद आसमान साफ रहने का अनुमान है.
वज्रपात को लेकर मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. सुरक्षित पक्के मकान के अंदर रहें और मौसम सामान्य होने तक बाहर निकलने से परहेज करें.
इसे भी पढ़े : झारखंड में दूसरे दिन भी 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल जारी, बड़े आंदोलन की चेतावनी
