RANCHI : झारखंड हाईकोर्ट से पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सूर्या हांसदा की मां नीलमुनि मुर्मू को बड़ी राहत मिली है. हाईकोर्ट ने देशद्रोह से जुड़े एक मामले में उन्हें अग्रिम जमानत दे दी है. यानी इस मामले में गिरफ्तारी होने से पहले ही उन्हें जमानत मिल गई है. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में हुई. नीलमुनि मुर्मू की ओर से अधिवक्ता कुमार हर्ष ने अदालत में उनका पक्ष रखा.
दरअसल, साहिबगंज के मिर्जा चौकी थाना में कांड संख्या 37/2025 के तहत यह मामला दर्ज किया गया था. इस केस में नीलमुनि मुर्मू को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है. यानी एफआईआर में उनका नाम शुरुआत में दर्ज नहीं था, लेकिन बाद में उन्हें भी इस मामले से जोड़ा गया. सुनवाई के दौरान अपीलकर्ता की ओर से कहा गया कि नीलमुनि मुर्मू को इस मामले में उनके बेटे सूर्या हांसदा की वजह से आरोपी बनाया गया है.
क्या है सूर्या हांसदा की मौत का मामला?
बता दें कि सूर्या हांसदा की एक कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी. इसके बाद मामले की जांच CID ने अपने हाथ में ले ली थी. पुलिस के अनुसार, सूर्या हांसदा को देवघर जिले के नवाडीह गांव से गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे छिपाए गए हथियार बरामद कराने के लिए राहदबदिया पहाड़ियों पर लेकर गई थी. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान सूर्या हांसदा ने एक इंसास राइफल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चलाई. इसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें उसकी मौत हो गई. फिलहाल, हाईकोर्ट से नीलमुनि मुर्मू को अग्रिम जमानत मिलने के बाद इस मामले में उन्हें बड़ी कानूनी राहत मिली है.
