RANCHI : झारखंड में ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
चक्रवात अकवान का झारखंड पर पड़ेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में चक्रवाती तूफान अकवान सक्रिय है. इसके प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि, चक्रवात का सीधा असर राज्य पर पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके कारण बादल छाने और बारिश की स्थिति बन सकती है.
20 और 21 नवंबर को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा समेत आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, 21 नवंबर को लातेहार और सरायकेला-खरसावां के आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है. राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.
रांची में भी बदलेगा मौसम, गिरेगा तापमान
राजधानी रांची में 20 और 21 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री से घटकर करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है. वहीं, 22 और 23 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रह सकती है.
किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए. किसानों को भी बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए खेती से जुड़े जरूरी कामों की योजना बनाने की जरूरत है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ सकती है. ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के अनुसार एहतियात बरतने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़े : चिकन लॉलीपॉप के लिए बना खूनी! ऑर्डर में देरी हुई तो दुकानदार का गला चाकू से रेता
