RANCHI: लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया है. छठ के दौरान झारखंड में मौसम साफ रहा, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में कोई परेशानी नहीं हुई. हालांकि, सुबह के समय कई जिलों में हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिली. दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया और हल्की धूप निकली.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 16 नवंबर को राज्य में कहीं भी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. लेकिन छठ के बाद अगले पांच दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान आसमान में बादल छाये रहने के साथ कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
सुबह-शाम बढ़ने लगी ठंड
राजधानी रांची समेत पलामू, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ के कुछ इलाकों में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला. इससे सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी हुई.
रांची में 16 नवंबर को न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़ और लातेहार में मौसम सुहावना बना हुआ है. सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस की जा रही है.
धनबाद में AQI 114, प्रदूषण बढ़ा रहा चिंता
मौसम साफ रहने के बावजूद झारखंड के कई शहरों में वायु प्रदूषण की समस्या चिंता बढ़ा रही है. ताजा आंकड़ों के अनुसार, धनबाद का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 114 दर्ज किया गया है. इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, बोकारो और हजारीबाग में भी हवा की गुणवत्ता पर नजर रखी जा रही है.
इसे भी पढ़े :रांची के होटवार जेल में विचाराधीन कैदी से यौन उत्पीड़न का आरोप, 19 लोगों के खिलाफ FIR
16 से 20 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में झारखंड के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव हो सकता है.
- 16 नवंबर: सुबह हल्का कोहरा रहेगा. इसके बाद आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा.
- 17 नवंबर: राज्य के कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं.
- 18 नवंबर: आसमान में बादल और धूप दोनों देखने को मिलेंगे.
- 19 नवंबर: राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाये रहने की संभावना है.
- 20 नवंबर: बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है.
- सुबह और रात में गर्म कपड़े पहनने की सलाह
छठ के बाद सुबह और शाम के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है. ऐसे में बुजुर्गों और बच्चों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है. सुबह जल्दी या देर रात घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें.
मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट हो सकती है. ऐसे में लोगों को सुबह और रात की ठंड से बचने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़े :जेल की सलाखों के पीछे भी छठी मैया की भक्ति, झारखंड की जेलों में 85 बंदी कर रहे छठ व्रत
