RANCHI : दीपावली की रात आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा और पटाखों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही. लेकिन त्योहार की आतिशबाजी का असर अगली सुबह हवा की गुणवत्ता पर दिखाई दिया। झारखंड के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया. राजधानी रांची में सुबह धुंध और धुएं जैसी स्थिति देखने को मिली, जबकि हजारीबाग और धनबाद की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई.
AQI.in के रियल टाइम एयर पॉल्यूशन डैशबोर्ड के अनुसार, सोमवार सुबह हजारीबाग का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 336 दर्ज किया गया। वहीं, धनबाद में AQI का स्तर 325 तक पहुंच गया. दोनों शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार रहा, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक स्थिति है.
दीपावली के दौरान बड़े पैमाने पर हुई आतिशबाजी को प्रदूषण बढ़ने की संभावित वजह माना जा रहा है. पटाखों से निकलने वाला धुआं और बारीक प्रदूषक कण वातावरण में फैलकर हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं.
रांची, जमशेदपुर और चक्रधरपुर में भी बढ़ा प्रदूषण
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, हजारीबाग और धनबाद में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा. वहीं, राजधानी रांची का AQI 189 दर्ज किया गया. जमशेदपुर में यह आंकड़ा 150 और चक्रधरपुर में 176 रहा. इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दीपावली के बाद झारखंड के अलग-अलग शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर अलग-अलग रहा. हालांकि, हजारीबाग और धनबाद की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक रही.
राजधानी रांची में प्रदूषण के प्रमुख कणों का स्तर भी बढ़ा हुआ दर्ज किया गया. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, PM2.5 का स्तर 110 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और PM10 का स्तर 229 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा. सुबह के समय शहर के कई इलाकों में धुंध और धुएं जैसी स्थिति देखने को मिली. इस दौरान तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और हवा में नमी 63 प्रतिशत दर्ज की गई.
विशेषज्ञों के मुताबिक, पटाखों से निकलने वाले PM2.5 और PM10 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकते हैं. इससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत, 11 घायल
बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह
वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बाद लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को सुबह और देर रात अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए. आंखों में जलन, लगातार खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए. जरूरत पड़ने पर बाहर निकलते समय उपयुक्त मास्क का इस्तेमाल किया जा सकता है.
