RANCHI : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस और मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन भाजपा नेता इससे डरने वाले नहीं हैं. भानु प्रताप शाही ने कहा कि दिवाली से दो दिन पहले प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ के खिलाफ कांग्रेस की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई. उन्होंने इसे विपक्ष की हार मानने की निशानी बताते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ने लगता है, तो वह मुकदमे और केस का सहारा लेकर दूसरे पक्ष को डराने की कोशिश करता है.
उन्होंने इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा, “आपकी गीदड़ भभकी और आपके नेताओं के बोलने से हम लोगों पर कोई असर नहीं होने वाला है. हाथी जब बाजार में चलता है तो कुत्ते हजार भौंकते हैं.” उन्होंने कहा कि भाजपा नेता मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ी तो जेल जाना भी स्वीकार करेंगे, लेकिन देश और सेना के खिलाफ बयानबाजी का विरोध जारी रखेंगे.
सत्ता और शासन हमेशा रहने वाला नहीं है
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने अपने बयान में सत्ता परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता और शासन हमेशा एक जैसा नहीं रहता. जब सत्ता बदलेगी तो व्यवस्था भी बदलेगी. उन्होंने विपक्षी नेताओं को सोच-समझकर बयान देने की नसीहत दी. हालांकि, उनके इस बयान को राजनीतिक विरोधियों के लिए एक चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है.
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
भानु प्रताप शाही ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि दूसरे नेताओं पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने दामन में झांकना चाहिए. अपने पुराने राजनीतिक कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह सरकार में मंत्री थे, तब कांग्रेस की सरकार थी और उस समय की कई बातें उनके पास हैं. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर वह उन बातों को सार्वजनिक करेंगे तो राजनीतिक विवाद खड़ा हो सकता है.
कांग्रेस को नेस्तनाबूद करके मानेंगे
अपने बयान के अंत में भानु प्रताप शाही ने कहा कि दिवाली के कारण उन्होंने दो दिन तक राजनीतिक बयानबाजी से दूरी बनाई थी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह डर गए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा नेता जहां भी रहेंगे, दहाड़ते रहेंगे और लड़ते रहेंगे. साथ ही उन्होंने कांग्रेस को राजनीतिक रूप से खत्म करने की बात भी कही.
भानु प्रताप शाही का यह बयान ऐसे समय आया है, जब झारखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को लेकर दिए गए इस बयान ने राज्य की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग को तेज कर दिया है.
इसे भी पढ़े : हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत, 11 घायल
