HAZARIBAGH : झारखंड के हजारीबाग जिले में स्थित दनुआ घाटी एक बार फिर बड़े सड़क हादसे की वजह से सुर्खियों में है. दीपावली के अगले दिन सोमवार सुबह करीब 10 बजे जीटी रोड पर महानेटांड कट के समीप भीषण सड़क दुर्घटना हुई. इस हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक अफरा-तफरी मच गई. करीब तीन घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा.
अंतिम संस्कार में बनारस जा रहे थे सभी लोग
मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत सलैया और बिहारो गांव के करीब डेढ़ दर्जन लोग एक सवारी वाहन पर सवार होकर अपने एक करीबी के शव का अंतिम संस्कार करने वाराणसी (बनारस) जा रहे थे. इसी दौरान हजारीबाग की दनुआ घाटी स्थित महानेटांड कट के पास वाहन के ऊपर रखा शव हिलने लगा और उसे बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई. इसके बाद रस्सी को ठीक करने के लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया गया.

पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार कुछ लोग शव को बांधने वाली रस्सी ठीक कर रहे थे. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग इसकी चपेट में आ गए. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए. हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.
ट्रेलर चालक फरार, कोयला लदा ट्रक भी पलटा
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी वाहन से टकरा गया. टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे घाटी में पलट गया. एक के बाद एक हुए हादसों से घटनास्थल पर हालात और गंभीर हो गए. मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया है. वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही भेजा गया है. इस दर्दनाक हादसे के बाद बगोदर के सलैया और बिहारो गांव में शोक का माहौल है. जिस परिवार के सदस्य अपने करीबी के अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे थे, रास्ते में ही वे खुद हादसे का शिकार हो गए. फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरे पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
