BOKARO : बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां कोयले का ढेर अचानक धंसने से उसकी चपेट में आकर तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी ने ललकारा, मोदी ने साधी चुप्पी! क्या प्रधानमंत्री सवालों का सामना करने से बच रहे हैं?
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए स्टॉकयार्ड में रिजेक्ट कोयला चुन रहे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर जमा कोयले का भारी ढेर धंस गया. इसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल ले जाया गया. जहां तीन महिलाओं की मौत होने की सूचना है. मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है, जबकि तीसरी महिला की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
मृतक महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं. घटना की जानकारी बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने दी है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई.
फिलहाल घायलों की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है. इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है.
