RANCHI / BOKARO : बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने रविवार को सेक्टर-5 स्थित श्री जनार्दन एकेडमी ऑफ आर्ट का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने वहां प्रशिक्षण ले रहे बच्चों से बातचीत की और उनकी रुचियों तथा कलात्मक प्रतिभाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी क्षमताओं को विकसित कर सकें.
शिक्षा के साथ रचनात्मकता का विकास भी जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है. जरूरत इस बात की है कि उस प्रतिभा को पहचाना जाए और उसे निखारने के लिए सही दिशा दी जाए. उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों की रचनात्मकता और व्यक्तिगत क्षमताओं के विकास पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि संगीत, नृत्य और चित्रकला जैसी विधाएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उसे विकसित करने का अवसर देती हैं. इस दिशा में शिक्षकों, अभिभावकों और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है.
दिव्यांग प्रशिक्षु का बढ़ाया उत्साह
एकेडमी के भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने दिव्यांग प्रशिक्षु का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि शारीरिक सीमाएं किसी व्यक्ति की प्रतिभा और उपलब्धियों के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं. उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के सहारे बच्चे अपनी अलग पहचान बना सकते हैं.

उपायुक्त ने यह भी कहा कि जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ने में मदद करना समाज की जिम्मेदारी है. प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार ऐसे बच्चों का सहयोग करना चाहिए, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिल सकें.
बच्चों की कलाकृतियों का किया अवलोकन
इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों की ओर से बनाई गई विभिन्न कलाकृतियों और चित्रों को देखा. उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की तथा उन्हें अपनी पसंद के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास करते रहने के लिए प्रेरित किया.

जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क मिलती है कला शिक्षा
श्री जनार्दन एकेडमी ऑफ आर्ट की शुरुआत कलाकार एवं शिक्षिका विजयलक्ष्मी सिंह ने जरूरतमंद और वंचित परिवारों के बच्चों को कला शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की थी. जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विजयलक्ष्मी सिंह पिछले कई वर्षों से कला के क्षेत्र में सक्रिय हैं.
एकेडमी में बच्चों को चित्रकला के लिए आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी अपनी कलात्मक प्रतिभा विकसित करने का अवसर देना है. इस अवसर पर सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी (एपीआरओ) अविनाश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
