RANCHI/GIRIDIH : गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी. जमडीहाबागी गांव में अज्ञात चोरों ने चार घरों के ताले तोड़ दिए. इनमें से दो घरों से नकदी और जेवरात समेत करीब साढ़े चार लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है, जबकि दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया. जानकारी के मुताबिक, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर इंद्रदेव हाजरा, सागर हाजरा, सुरेंद्र चौधरी और अर्जुन चौधरी के घरों को निशाना बनाया. चोरों ने पहले घरों के ताले तोड़े और फिर अंदर घुसकर सामान खंगाला.
दो घरों से करीब साढ़े चार लाख की चोरी
बताया जा रहा है कि इंद्रदेव हाजरा के घर से करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. वहीं, सागर हाजरा के घर से करीब ढाई लाख रुपये के नकदी और जेवरात समेत अन्य सामान गायब होने की बात कही जा रही है. दूसरी ओर, सुरेंद्र चौधरी और अर्जुन चौधरी के घरों के ताले भी टूटे मिले हैं. हालांकि, इन दोनों घरों से कितनी संपत्ति चोरी हुई है, इसका आकलन अभी नहीं हो सका है.
सुबह खुला चोरी का राज, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी सुबह होने पर ग्रामीणों को मिली. इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर देवरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
रात्रि गश्ती पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
एक ही रात में चार घरों के ताले टूटने की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. गांव में हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है.
