RANCHI: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र रांची ने 24 सितंबर को राज्य में बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
24 सितंबर को रांची में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
IMD के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 सितंबर को रांची में बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ गरज-चमक, वज्रपात और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची में आज न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 24 सितंबर को झारखंड के लिए Very Heavy Rain के साथ Thunderstorm, Lightning और Squall की चेतावनी जारी की है. वहीं 25 सितंबर को भी भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं रांची, खूंटी और गुमला में भी तेज बारिश की संभावना है. इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
25 सितंबर के बाद भी जारी रहेगा मौसम का असर
25 सितंबर को बारिश का असर राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों की ओर बढ़ने की संभावना है. 26 और 27 सितंबर को भी झारखंड में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. IMD के राज्यवार अलर्ट में 26 और 27 सितंबर को भी Thunderstorm और Lightning की चेतावनी दी गई है.
तेज हवा और वज्रपात के दौरान रहें सतर्क
मौसम खराब होने के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. गरज-चमक या वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और अन्य ऊंचे ढांचों के पास खड़े होने से बचें. तेज हवाओं के दौरान भी अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना बेहतर है.
इसे भी पढ़े : जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत
