RANCHI : देवेंद्र नाथ महतो ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी साझा करते हुए बताया कि तबीयत काफी खराब होने के कारण वह सदर अस्पताल, रांची में भर्ती हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
उन्होंने बताया कि लंबे समय तक चले अनशन, धरना-प्रदर्शन और 24 जिलों की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के बाद अचानक उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई. रातभर लगातार दस्त होने, कुछ भी खाने-पीने पर उल्टी होने के साथ पूरे शरीर में दर्द और अत्यधिक कमजोरी महसूस हुई. सदर अस्पताल में इलाज के दूसरे दिन देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल बुखार, उल्टी और दस्त को नियंत्रित किया गया है. हालांकि, शरीर काफी कमजोर है और चिकित्सकों की निगरानी में पर्याप्त आराम एवं नियमित उपचार की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, 17 सितंबर तक तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट

लगातार संघर्ष के बाद बिगड़ी सेहत, डॉक्टरों ने आराम की दी सलाह
डॉक्टरों ने उन्हें पर्याप्त आराम करने, समय पर खान-पान लेने और नियमित उपचार जारी रखने की सख्त सलाह दी है. फिलहाल सदर अस्पताल में उनका इलाज जारी है. देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि लगातार लंबे संघर्ष, अनशन-धरना और 24 जिलों की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दौरान लगातार सक्रिय रहने तथा समय पर खान-पान और पर्याप्त आराम नहीं मिलने के कारण उनका शरीर काफी कमजोर हो गया.
उन्होंने अपने साथियों, शुभचिंतकों और झारखंडवासियों से उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआ और प्रार्थना करने की अपील की है. साथ ही उम्मीद जताई कि ईश्वर की कृपा से जल्द स्वस्थ होकर फिर से सभी के बीच लौटेंगे.
