RANCHI : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज और बिजली चमकने की भी संभावना है.
15 से 17 सितंबर के बीच झारखंड के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान वज्रपात और तेज गरज के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है. पिछले 24 घंटे में रांची में बारिश नहीं हुई. हालांकि, राजधानी में हवा में नमी काफी ज्यादा रही. रांची में अधिकतम नमी 97 प्रतिशत और न्यूनतम 76 प्रतिशत दर्ज की गई.
इसे भी पढ़ें : विधायक जयराम महतो समेत 4 को मिली अग्रिम जमानत, थाना प्रभारी संग बदसलूकी का है आरोप
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. लोगों को खुले मैदान में जाने और पेड़ के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए.
दो दिनों में 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. रांची में बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रह सकता है. झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. पिछले 24 घंटे में चाईबासा में 26.2 मिमी और खूंटी में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. रांची में बारिश नहीं हुई.
चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और डालटनगंज में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बोकारो-थर्मल में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री रहा.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में दुर्गा पूजा से छठ तक चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, रांची-टाटानगर से कई रूटों पर राहत
18 और 19 सितंबर को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 सितंबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है. यानी अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है. रांची समेत कई जिलों में बीच-बीच में बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है.
